उत्तर प्रदेशभारतराजनीति

उज्जैन से लौटे वक्त भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी की सड़क हादसे में मौत

Sanjeev Bhardwaj
115views

उज्जैन (मध्य प्रदेश) से दर्शन कर आगरा लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की कार टायर फटने से पलट गई। हादसे में ब्रज क्षेत्र कार्यालय के प्रभारी संजीव भारद्वाज (45) की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। संजीव का शव देर रात उनके घर बरेली लाया गया। सोमवार को सिटी श्मशान भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बरेली के सिद्धार्थनगर निवासी संजीव भारद्वाज भाजपा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय के प्रभारी थे। वह पांच साल से आगरा स्थित कार्यालय में ही रह रहे थे। शुक्रवार को वह उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने गए थे। उनके साथ वार्ड-55 शाहदरा के पार्षद विजय वर्मा, कार्यालय के ही शैलेंद्र, कंप्यूटर ऑपरेटर मुकुल, कार्यकर्ता विकास, पूर्व पार्षद सरवन कश्यप, पुष्पेंद्र कुमार भी थे।

गुना जिले में हुआ हादसा

विजय वर्मा ने बताया कि रात 10 बजे सभी लोग आगरा के लिए चले थे। गाड़ी शैलेंद्र चला रहे थे। गुना जिले में पार्वती नदी से पहले रविवार सुबह पांच बजे कार का पिछला टायर अचानक फट गया। इससे कार ने पलटे खाए। 6-7 बार पलटने के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

संजीव और सरवन कार से बाहर जाकर गिरे। इनमें संजीव की मौत हो गई। बाकी घायल हो गए। सीट बेल्ट लगी होने से पार्षद विजय वर्मा बच गए। मध्य प्रदेश के सीएम और डिप्टी सीएम ने घायलों का हाल भी जाना। सभी को इलाज के लिए ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिक्षिका हैं पत्नी

संजीव मूल रूप से बदायूं जिले के दातागंज के निवासी थे। मिनी बाइपास किनारे कॉलोनी में उन्होंने घर बना लिया था। उनकी पत्नी बेसिक शिक्षक हैं। उनकी आठ साल की बेटी है। संजीव विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री भी रहे थे। बरेली कॉलेज से उन्होंने पढ़ाई की थी। वह छात्र नेता भी रहे थे।

पोस्ट शेयर करें

Leave a Response