Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर के मंदिर में किशोरी के साथ आपत्तिजनक हरकत का आरोप, युवक को भीड़ ने जमीन पर गिराकर पीटा; डंडे-बेल्ट चले, 3 हिरासत में

मुजफ्फरनगर के मंदिर में किशोरी के साथ आपत्तिजनक हरकत का आरोप, युवक को भीड़ ने जमीन पर गिराकर पीटा; डंडे-बेल्ट चले, 3 हिरासत में

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला रोड पर सोमवार शाम करीब 6 बजे एक मंदिर परिसर में उस वक्त हंगामा मच गया, जब किशोरी के साथ एक युवक को लोगों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा युवक पर इस कदर फूटा कि उसे मंदिर परिसर में ही जमीन पर गिराकर बड़ी बुरी तरह से पीटा गया। लात-घूंसों के साथ थप्पड़, डंडे और बेल्ट तक चलाए गए। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। आरोपित युवक मंदिर के अंदर साफ सफाई का काम किया करता था।

दरअसल, सोमवार शाम करीब 6 बजे बामनहेड़ी निवासी सतेंद्र को किशोरी के साथ मंदिर परिसर में परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया था। युवक के पकड़े जाने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में भीड़ जुट गई। इसके बाद लोगों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सतेंद्र जमीन पर पड़ा दिखाई देता है और कई लोग उसे घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग हाथ-पैर से मारते दिखाई दे रहे हैं, जबकि डंडे और बेल्ट का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोग युवक के कृत्य को लेकर गुस्सा जाहिर करते सुनाई दे रहे हैं।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले। घटना के बाद इलाके में भीड़ की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

ALSO READ THIS :  दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार; देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद

ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने रात करीब 11 बजे बताया कि युवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पिटाई में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

दूसरी तरफ किशोरी के पिता ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बेटी का मेडिकल परीक्षण कराने और सतेंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब किशोरी के परिजनों की शिकायत, युवक के खिलाफ लगाए गए आरोप और मंदिर परिसर में हुई मारपीट—तीनों पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक तरफ किशोरी से जुड़े मामले को लेकर स्थानीय लोगों के आक्रोश को सामने ला दिया है, वहीं दूसरी तरफ कानून हाथ में लेकर युवक की पिटाई किए जाने को लेकर पुलिस कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें