मुज़फ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गौशाला रोड स्थित मंदिर परिसर में युवक की पिटाई के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों समेत एक किशोर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सतेंद्र के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में SC/ST एक्ट समेत संगीन धाराओं में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। पुलिस ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, बामनहेड़ी निवासी घायल सतेंद्र के पिता फूल कुमार की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। दर्ज FIR में आरोप लगाया गया था कि उसके पुत्र सतेंद्र के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों और मुक्कों से मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में पुलिस ने अंकित निवासी गढ़ी, थाना जानसठ, मोनू और सचिन निवासीगण गौशाला मोहल्ला और सुनील कुमार निवासी नया बांस (नदी रोड) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार सभी के खिलाफ मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि सोमवार शाम मंदिर परिसर में किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद सतेंद्र के साथ भीड़ ने बुरी तरह से मारपीट की थी। घटना से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए था। वीडियो में कई लोग सतेंद्र को घेरकर मारपीट करते दिखाई दिए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था।
अब पुलिस ने मारपीट करने वाले बाकियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करते हुए उनकी तलाश तेज कर दी है और लगातार दबिशें दे रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले की विवेचना एएसपी/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा कर रहे हैं।

