मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मदीना चौक के पास स्थित मां भगवती ज्वेलर्स पर सोमवार रात ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। ग्राहकों ने दुकानदार पर सोने के नाम पर तांबे और चांदी के नाम पर एल्युमिनियम की ज्वेलरी देने का गंभीर आरोप लगाया। ग्राहकों का कहना है कि कुछ आभूषणों पर सोने की परत चढ़ाकर उन्हें सोने के आभूषण के तौर पर बेचा गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

इमरान कॉलोनी निवासी नईम ने बताया कि उन्होंने दुकान से करीब 10 से 12 लाख रुपये की सोने और चांदी की ज्वेलरी बनवाई थी। बाद में आभूषणों की जांच मोती महल में कराई गई। नईम का आरोप है कि जांच में सोने के नाम पर दिए गए कुछ आभूषण तांबे के निकले, जबकि चांदी के नाम पर दिए गए आभूषण एल्युमिनियम के बताए गए।
ग्राहक जैनब ने बताया कि वह लंबे समय से इसी दुकान से ज्वेलरी खरीदती रही हैं। उन्होंने कई जोड़ी पाजेब, पंजाबी बालियां, कुंडल समेत अन्य आभूषण बनवाए और रिश्तेदारों को भी इसी दुकान से सामान दिलवाया। जैनब का कहना है कि पहले भी ज्वेलरी को लेकर शिकायत हुई थी, जिसके बाद दुकानदार ने सामान बदलकर दिया था।
जैनब के मुताबिक, हाल ही में वह कुंडल बदलवाने के लिए मोती महल पहुंचीं। वहां जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि कुंडल सोने के नहीं, बल्कि तांबे के हैं। इसके बाद ग्राहकों ने दुकान पर पहुंचकर अपना सामान बदलने और वास्तविक सोने-चांदी की ज्वेलरी देने की मांग की।
ग्राहकों के अनुसार, दुकानदार ने उन्हें सामान बदलने के लिए आज मंगलवार का समय दिया है। वहीं दुकान पर मौजूद दुकानदार के बहनोई देशम वर्मा ने कहा कि आरोप उनके ऊपर नहीं, दुकानदार पर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि दुकानदार की तबीयत खराब है और वह घर पर हैं। देशम वर्मा ने यह भी कहा कि उनके सामने भी सोने की ज्वेलरी को तांबे की बताए जाने का मामला आया है।
फिलहाल इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

