Home » उत्तर प्रदेश » काशी से क्योटो तक भारत-जापान मैत्री की नई उड़ान: सीएम योगी बोले- आस्था से अर्थव्यवस्था तक साझी समृद्धि की राह

काशी से क्योटो तक भारत-जापान मैत्री की नई उड़ान: सीएम योगी बोले- आस्था से अर्थव्यवस्था तक साझी समृद्धि की राह

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत-जापान मैत्री को विश्वास की विरासत, विकास की साझेदारी और दो प्राचीन संस्कृतियों की आत्मीयता का जीवंत सेतु बताया है। बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत शिंजो आबे ने दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-जापान की इसी आत्मीय मैत्री और शिंजो आबे की स्मृतियों को समर्पित ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का बुधवार को लोकार्पण किया जाएगा। काशी स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में वह भी शामिल होंगे।

आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती

सीएम योगी ने भारत-जापान संबंधों के आर्थिक पक्ष को भी प्रमुखता से सामने रखा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वर्षों से कायम आत्मीयता अब आर्थिक साझेदारी की नई शक्ति बन रही है। उत्तर प्रदेश जापानी कंपनियों के साथ करीब 90 हजार करोड़ रुपये के एमओयू कर चुका है।

उन्होंने कहा कि भारत और जापान के रिश्ते विश्वास की विरासत और विकास की साझेदारी पर आधारित हैं। दोनों देशों की प्राचीन संस्कृतियों की समानता और आत्मीयता इस रिश्ते को विशेष बनाती है।

काशी-क्योटो से मजबूत हो रहा सांस्कृतिक रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और जापान का क्योटो सदियों पुरानी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत वाले दो प्राचीन शहर हैं। काशी-क्योटो साझेदारी ने भारत-जापान संबंधों को सांस्कृतिक जुड़ाव से आगे बढ़ाते हुए विरासत संरक्षण, पर्यटन और विकास के साझा मॉडल से जोड़ने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि काशी से क्योटो तक और आस्था से अर्थव्यवस्था तक भारत-जापान की यह मैत्री अब साझी समृद्धि की नई राह तैयार कर रही है।

ALSO READ THIS :  गाजियाबाद में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- बम बनवाने वालों को होती थी शिवभक्तों की ‘बम-बम’ से तकलीफ 

नितिन नवीन की जनसभा में भी शामिल होंगे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ काशी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। नितिन नवीन की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद काशी में नितिन नवीन की यह पहली जनसभा होगी।

आरएएफ स्थापना दिवस पर जवानों को दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रैपिड एक्शन फोर्स के स्थापना दिवस पर आरएएफ के जवानों और उनके परिजनों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में आरएएफ के जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय अखंडता को मजबूत बनाए रखने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में आरएएफ के जवानों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें