नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मानसून के विदा होने के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। तेज हवाओं के कारण उमस से भी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में मामूली गिरावट के साथ सुबह-शाम ठंडक और बढ़ सकती है।
आठ अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हवाओं के चलते दिन के तापमान के बावजूद गर्मी का असर कुछ कम महसूस होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक नौ अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है।
दस और 11 अक्टूबर को भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हवाओं की गति करीब 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। तेज हवाओं और बादलों की मौजूदगी के चलते तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और सुबह-शाम ठंडक का अहसास बढ़ सकता है।
दस अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं 11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल इन दोनों दिनों के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
तेज हवाओं का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है। हवाएं प्रदूषक कणों को फैलाने में मदद कर सकती हैं, जिससे प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि मानसून के बाद अक्टूबर में प्रदूषण बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है। हाल के दिनों में दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद की हवा की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में पहुंची थी।
फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मौसम का रुख राहत देने वाला नजर आ रहा है। दिन में हल्की गर्मी के बीच सुबह-शाम बढ़ती ठंडक, तेज हवाएं और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव का संकेत दे रही है।

