मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में मोबाइल फोन फटने से 40 वर्षीय विकास अंतल की मंगलवार को मौत हो गई। भोपा थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव निवासी विकास बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वहलना चौक के पास उनकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा है। विकास अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे को छोड़ गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, विकास अंतल खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करते थे। हादसे के दौरान मोबाइल फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। मौके पर मौजूद पुलिस उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार को विकास का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों के साथ बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने विकास के परिजनों से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त कीं। यशिका चौहान ने मृतक के पिता के पास बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया और परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया और उनकी पीड़ा साझा की।
वहीं, मोबाइल फोन फटने की घटना ने उसकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, फोन किन परिस्थितियों में फटा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

