Home » विविध इंडिया » दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर बम धमाके की धमकी, ग्वालियर हाईकोर्ट को आया IED से उड़ाने वाला ई-मेल; पुलिस अलर्ट

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट पर बम धमाके की धमकी, ग्वालियर हाईकोर्ट को आया IED से उड़ाने वाला ई-मेल; पुलिस अलर्ट

Facebook
Twitter
WhatsApp

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हाईकोर्ट की खंडपीठ की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस के साथ भोपाल एसटीएफ भी अलर्ट हो गई है। एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर और न्यायाधीशों के बंगलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

एसपी ने की धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि

ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक सुतकीर्ति सोमवंशी ने सोमवार को हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में ई-मेल भेजने के लिए इस्तेमाल किया गया आईपी एड्रेस विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मेल भेजने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आईपी एड्रेस या किसी अन्य तकनीक का इस्तेमाल तो नहीं किया।

पुलिस की साइबर टीम ई-मेल के तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मेल के स्रोत का पता लगाने और उसमें छिपे संदेश को डी-कोड करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी किसने और कहां से भेजी है।

इंदौर में 15 नवंबर को होना है दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट

गौरतलब है कि पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर पहले भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आ चुकी है। पिछले सप्ताह इंदौर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इन संदेशों में बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी।

ALSO READ THIS :  अमित शाह की जालंधर रैली से पहले धमकी से हड़कंप, ईमेल में स्टेज, स्कूल और मंदिर को उड़ाने की बात

अब ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर कॉन्सर्ट के मंच को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

ग्वालियर, भोपाल और इंदौर की एजेंसियां जांच में जुटीं

धमकी भरे ई-मेल की जांच ग्वालियर और इंदौर पुलिस के साथ भोपाल एसटीएफ कर रही है। संबंधित एजेंसियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है, ताकि मेल भेजने वाले तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने फिलहाल एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

जांच एजेंसियां ई-मेल के तकनीकी विवरण, आईपी एड्रेस और संदेश की प्रकृति का विश्लेषण कर रही हैं। फिलहाल धमकी की सत्यता और इसके पीछे शामिल व्यक्ति या समूह की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का प्रयास है कि समय रहते पूरे मामले का खुलासा कर संभावित खतरे को टाला जा सके।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें