Home » गुनाह » हरदोई में शराब सेल्समैन से लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद चार आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

हरदोई में शराब सेल्समैन से लूट का खुलासा, मुठभेड़ के बाद चार आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

Facebook
Twitter
WhatsApp

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शराब सेल्समैन से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 12-13 नवंबर की मध्यरात्रि को चेकिंग के दौरान आरोपियों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बृजेंद्र नाम के आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1 लाख 46 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे आशानगर निवासी शराब सेल्समैन राजेश कुमार सिंह हरियावां स्थित देशी शराब का ठेका बंद करके कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पिहानी चुंगी की तरफ पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पैसों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब ढाई से तीन लाख रुपये होने की बात बताई गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से जुटाए सुराग

सीओ सिटी के मुताबिक, घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा था।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में दिन निकलते ही पुलिस-बदमाश मुठभेड़: गैंगस्टर बिलाल गोली लगने से हुआ लंगड़ा, बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद

इसी दौरान 12-13 नवंबर की मध्यरात्रि को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल चार आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर हरियावां से पोखरी तिराहे की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नयागांव मोड़ के पास पहुंचकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, एक ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद सामने से दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। एक बाइक पर तीन और दूसरी पर एक व्यक्ति सवार था। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया।

दूसरी बाइक पर सवार एक आरोपी भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी बृजेंद्र (20) के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोतवाली देहात क्षेत्र के रिक्खा पुरवा निवासी बृजेंद्र, अंकुर और गंगेव तथा हरियावां क्षेत्र के उतरा निवासी शोभित के रूप में की है। इनके कब्जे से लूटे गए 1 लाख 46 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर लूट की पूरी रकम और घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य साधनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ALSO READ THIS :  कानपुर में पुलिस मुठभेड़ में दो गोलियां लगने से बदमाश घायल, गिरफ्तार, भागते समय बाइक फिसली तो पुलिस पर झोंका फायर
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें