Home » उत्तर प्रदेश » नोएडा में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर किया पारण

नोएडा में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर किया पारण

Facebook
Twitter
WhatsApp

नोएडा। घर-परिवार में सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ मनाए जाने वाले चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधि-विधान से समापन हो गया। सुबह होते ही व्रती और उनके परिवार के सदस्य नदी तटों, जलाशयों तथा विभिन्न स्थानों पर बनाए गए पूजा स्थलों पर पहुंचे। सूर्य देव के दर्शन होते ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पिछले 36 से 40 घंटे तक निर्जला उपवास रखने वाले व्रतियों ने छठ पूजा में भगवान भास्कर को अर्पित किए गए फल, पकवान और अन्य प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। इसके बाद घर-परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। घाटों और पूजा स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पूरे वातावरण में छठी मैया के भक्ति गीतों और पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई देती रही।

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

कई वर्षों से अटूट श्रद्धा और विश्वास के साथ छठ महापर्व मनाती आ रहीं विभा शर्मा ने बताया कि महापर्व के चौथे दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। इस दिन परिवार के सभी सदस्य स्नान-ध्यान कर प्रसन्नता के साथ पूजा स्थलों पर पहुंचते हैं। व्रती जल के बीच पूर्व दिशा की ओर मुख करके खड़े होते हैं और सूर्य देव के उदय होने की प्रतीक्षा करते हैं।

ALSO READ THIS :  ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- सपा शासन में गुंडागर्दी और जातीय हिंसा चरम पर थी

सूर्य दर्शन के बाद व्रती परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में केवल व्रती ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य, पड़ोसी और मित्र भी पूरे समर्पण के साथ सहयोग करते हैं।

पवित्रता, शुचिता और अनुशासन का पर्व है छठ

विभा शर्मा ने बताया कि छठ पूजा में पवित्रता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूजा के दौरान खानपान से लेकर प्रसाद तैयार करने तक परंपरागत नियमों का पालन किया जाता है। लहसुन और प्याज जैसे खाद्य पदार्थों से परहेज किया जाता है। महापर्व के दौरान पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति गीतों के माध्यम से सूर्य देव तथा छठी मैया की आराधना की जाती है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता सामूहिक सहभागिता है। व्रत रखने वाले परिवारों के साथ पड़ोसी और मित्र भी पूजा की तैयारियों से लेकर अर्घ्य देने तक सहयोग करते हैं। विभिन्न नदियों और जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति सामाजिक एकता और आपसी सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करती है।

सूर्य देव के साथ उषा, प्रत्यूषा और छठी मैया की आराधना

छठ महापर्व सूर्य देव की विशेष आराधना का पर्व है। इसे दृढ़ इच्छाशक्ति, पवित्रता, शुचिता और अटूट विश्वास से जुड़ा लोकपर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य देव ऊर्जा और जीवन के प्रमुख स्रोत हैं। छठ पूजा में सूर्य देव के साथ उनकी शक्तियों उषा और प्रत्यूषा की भी आराधना की जाती है।

ALSO READ THIS :  'नंबर प्लेट खो गई हो तो यहां ढूंढ लें': भारी बारिश के बाद नोएडा के अंडरपास से निकलीं दर्जनों गाड़ियों की प्लेटें!

उगते सूर्य की पहली किरण को उषा और अस्त होते सूर्य की अंतिम किरण को प्रत्यूषा से जोड़ा जाता है। इसी मान्यता के अनुसार छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य, दोनों को अर्घ्य देकर नमन किया जाता है। इसके साथ ही प्रकृति और लोकआस्था से जुड़ी देवी छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की जाती है।

प्रवासी भारतीयों तक पहुंचा छठ का उत्सव

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से मनाया जाने वाला छठ महापर्व अब देश के अन्य हिस्सों के साथ विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों के बीच भी श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाता है। यह पर्व क्षेत्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर लोकसंस्कृति, पारिवारिक एकता और सामूहिक आस्था का प्रतीक बन चुका है।

विभा शर्मा ने पूजा संपन्न होने के बाद भावुक होते हुए कहा कि चार दिनों तक चले इस महापर्व के समापन के साथ ही अब अगले वर्ष छठ पूजा का इंतजार शुरू हो जाएगा। उन्होंने दीपा, किरण, शिवानी, सृष्टि, सोनल, भावना, सुनील, शिवम, निमेष, नवीन सहित सभी श्रद्धालुओं का आभार जताया, जिन्होंने तन-मन से सहयोग देकर पूजा को सफल बनाने में योगदान दिया।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें