Home » विविध इंडिया » बिहार के अररिया में दर्दनाक हादसा: पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया

बिहार के अररिया में दर्दनाक हादसा: पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया

Facebook
Twitter
WhatsApp

अररिया। बिहार के अररिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। तिलक समारोह से लौट रही लड़की पक्ष के लोगों से भरी स्कॉर्पियो ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। वापसी के दौरान बीड़ी पुल पर पहुंचते ही वाहन चालक ने एक तीखे मोड़ पर स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार और मोड़ के कारण चालक संभल नहीं पाया। स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग पार करते हुए सीधे नीचे मरिया नदी में जा गिरी। वाहन के नदी में गिरते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि वाहन में सवार अन्य छह लोगों को नहीं बचाया जा सका। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में ज़िंदा जले हरियाणा के 6 लोग: पानीपत-खटीमा हाईवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर धू-धू कर जली गाड़ी

स्थानीय लोगों की मदद से नदी में गिरी स्कॉर्पियो से सभी छह शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में स्कॉर्पियो का चालक भी शामिल बताया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की उम्र करीब 15 से 28 वर्ष के बीच थी। एक ही गांव के कई युवकों की एक साथ मौत होने की खबर जैसे ही थुमहा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार नहीं बल्कि कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। तिलक समारोह की खुशियां मनाकर घर लौट रहे परिवारों को रास्ते में ही अपनों की मौत की खबर मिल गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिला।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें