मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा पर बीती रात एक और नया मुकदमा दर्ज हुआ है। नई मंडी थाने में उनके और उनके दोनों बेटों के खिलाफ 75 लाख रुपये के कथित कारोबारी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि फैक्ट्री के नाम पर स्क्रैप और स्पंज आयरन की बड़ी खेप मंगवाई गई, भुगतान का भरोसा देकर माल लिया गया, लेकिन रकम मांगने पर टालमटोल और फिर धमकियां दी गईं। शिकायतकर्ता ने फैक्ट्री के मालिकाना हक और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
नई मंडी थाना क्षेत्र की भारतीय कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक, सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात शाहनवाज राणा से हुई थी। आरोप है कि शाहनवाज राणा ने उन्हें अपनी फैक्ट्री बताकर उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड में बुलाया। वहां उनके दोनों बेटे अब्दुल अहद राणा और आजम शाह राणा भी मौजूद थे। तीनों ने स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई करने पर 20 दिन में भुगतान का भरोसा दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भरोसे में आकर उन्होंने सितंबर 2024 में करीब 40 लाख रुपये और नवंबर 2024 में 35 लाख रुपये का स्क्रैप व स्पंज आयरन फैक्ट्री में सप्लाई किया। इस तरह कुल 75 लाख रुपये का माल भेजा गया। आरोप है कि भुगतान का समय आने पर तीनों ने टालमटोल शुरू कर दी। रकम मांगने पर उन्हें धमकियां दी गईं और कहा गया कि उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं, मारपीट के बाद भी उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।
शिकायत में 25 अगस्त 2025 की एक और घटना का जिक्र है। जितेंद्र चौधरी के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ आरोपियों के निवास पर पहुंचे थे, जहां शाहनवाज राणा और उनके बेटों ने उन्हें तथा उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि बाद में उन्हें जानकारी हुई कि शाहनवाज राणा संबंधित फैक्ट्री के मालिक नहीं हैं और फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेज कथित रूप से कूटरचना और धोखाधड़ी के जरिए तैयार किए गए थे। आरोप है कि इसी तरीके से 75 लाख रुपये का माल हड़प लिया गया।
शिकायत के आधार पर नई मंडी पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को पूर्व विधायक शाहनवाज राणा, उनके बेटे अब्दुल अहद राणा और आजम शाह राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है।
CO नई मंडी राजू कुमार साव का कहना है कि एक कारोबारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिनका आरोप है कि माल लेने के बाद पैसे नहीं दिए गए। धमकी का भी आरोप है। मामले की जांच की जा रही है।
