गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली रोड पर प्लास्टिक सामान के एक गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लास्टिक और वेस्ट मटीरियल रखे होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने करीब आठ घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में एक वाहन जल गया, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास फैलने से रोकते हुए गोदाम का शेष सामान सुरक्षित बचा लिया।
रात 12:33 बजे दमकल विभाग को मिली सूचना
दमकल विभाग के अनुसार, गोदाम में आग लगने की सूचना रात 12:33 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मोदीनगर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। गोदाम में प्लास्टिक और वेस्ट मटीरियल बड़ी मात्रा में रखा होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
आग की भयावहता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर अतिरिक्त दमकल संसाधन मौके पर बुलाए गए।
मोदीनगर, वैशाली और कोतवाली की दमकल टीमों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के लिए वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और गाजियाबाद कोतवाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर तथा एक फायर टैंकर भेजा गया। इसके अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मुरादनगर से भी दमकल की एक गाड़ी सहायता के लिए पहुंची।
अलग-अलग फायर स्टेशनों से पहुंची टीमों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया और करीब आठ घंटे में पूरी तरह बुझा दिया।
एक वाहन जला, गोदाम का बाकी सामान बचाया
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग की चपेट में आने से एक वाहन जल गया। हालांकि दमकलकर्मियों ने समय रहते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया और गोदाम मालिक का शेष सामान सुरक्षित बचा लिया। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वसुंधरा की जेकेजी हाइट्स में भी फ्लैटों में लगी थी आग
इससे पहले शुक्रवार को गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में स्थित जेकेजी हाइट्स की आठवीं और नौवीं मंजिल पर आग लग गई थी। आग फ्लैट संख्या 801 और 901 में लगी थी। सूचना पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य के लिए एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी लगाया गया।
दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों फ्लैटों में लगी आग पर काबू पाया। अग्निशमन कर्मियों ने आसपास के अन्य फ्लैटों को भी आग की चपेट में आने से सुरक्षित बचा लिया था। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई थी।
