Home » उत्तर प्रदेश » ‘यूपी में इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार’, अजय राय का भाजपा पर हमला; शिक्षा व्यवस्था बर्बाद करने का लगाया आरोप

‘यूपी में इंडिया गठबंधन बनाएगा सरकार’, अजय राय का भाजपा पर हमला; शिक्षा व्यवस्था बर्बाद करने का लगाया आरोप

Facebook
Twitter
WhatsApp

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत के बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भरोसा जताया है कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर जल्द सहमति बन जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद करने, माफियाओं को बढ़ावा देने और पारंपरिक रोजगारों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगाए।

सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत सकारात्मक: अजय राय

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हुई बैठक तथा सीट बंटवारे को लेकर अजय राय ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत की अभी शुरुआत हुई है। चर्चा बेहद अच्छे और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है। उन्हें उम्मीद है कि बहुत जल्द सीट बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय हो जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। भाजपा नेताओं की ओर से गठबंधन पर की जा रही टिप्पणियों के सवाल पर राय ने कहा कि कांग्रेस पहले भी देश को अच्छी तरह चला चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सत्ता पक्ष की मंशा है कि कांग्रेस किसी भी तरह सत्ता में वापस न आए, क्योंकि भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज की सच्चाई सामने आने का डर है।

भाजपा सरकार पर माफियाराज को बढ़ावा देने का आरोप

अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश को बर्बाद कर दिया गया है और पूरा उत्तर प्रदेश माफियाओं के हाथों में सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कामकाज से जनता परेशान है तथा आने वाले चुनाव में मतदाता ऐसे लोगों को सबक सिखाएंगे।

ALSO READ THIS :  यूपी में ओवैसी की बड़ी तैयारी: 2027 चुनाव को लेकर AIMIM की रणनीति तेज, 250 सीटों पर दांव की तैयारी

मस्जिदों और एनकाउंटर के मुद्दे पर एआईएमआईएम को घेरा

एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान की ओर से अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर मस्जिदों के ध्वस्तीकरण तथा एनकाउंटर के मामलों पर जवाब नहीं देने के आरोपों पर अजय राय ने कांग्रेस का बचाव किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर जगह मजबूती से खड़ी रही है।

राय ने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने लखनऊ में शामिना शाह की मजार, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद, सहारनपुर और दालमंडी से जुड़े मामलों में आवाज उठाई और संघर्ष किया। उन्होंने एआईएमआईएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन मुद्दों पर लड़ाई लड़ी जा रही थी, तब यह पार्टी कहीं दिखाई नहीं दे रही थी। अब चुनाव का समय आने पर एआईएमआईएम और असदुद्दीन ओवैसी नजर आने लगे हैं।

रामदेव और बागेश्वर बाबा को भाजपा का सहयोगी बताया

बाबा रामदेव की ओर से बागेश्वर बाबा पर की गई टिप्पणी के संबंध में अजय राय ने कहा कि दोनों ही भाजपा के सहयोगी हैं और उसकी मदद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे बाबा रामदेव हों या बागेश्वर धाम के शास्त्री, इनका काम भाजपा को मजबूत करना और उसकी ताकत बढ़ाना है। राय के मुताबिक, इन लोगों की गतिविधियां इसी उद्देश्य के इर्द-गिर्द रहती हैं।

27 हजार स्कूल बंद होने के आरोप पर जताई सहमति

अखिलेश यादव की ओर से भाजपा सरकार में प्रदेश के करीब 27 हजार प्राथमिक स्कूल बंद होने के आरोप पर अजय राय ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह आरोप सही है और सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। राय ने आरोप लगाया कि सरकार का शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर ध्यान नहीं है और दोनों क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

ALSO READ THIS :  PDA की बढ़ती ताकत से घबराई BJP? सपा सांसद बोले- असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही सरकार!

काशी के हैंडलूम से लेकर मुरादाबाद के पीतल उद्योग तक का उठाया मुद्दा

अजय राय ने पारंपरिक हुनर और रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से डिग्री के बजाय हुनर की जरूरत की बात कही जाती है, लेकिन पारंपरिक हुनर से जुड़े रोजगार ही खत्म होते जा रहे हैं।

उन्होंने काशी के हैंडलूम उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में कई काम बंद हो गए हैं और लोगों को पावरलूम में काम करने या रोजगार के लिए सूरत जाने को मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कारपेट उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग और सहारनपुर का लकड़ी का काम भी प्रभावित हुआ है।

राय ने कहा कि ये सभी उद्योग हुनरमंद लोगों के कौशल और पारंपरिक कारीगरी से जुड़े हैं। जब पारंपरिक रोजगार ही खत्म होते जाएंगे तो हुनर को आगे बढ़ाना मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ पारंपरिक उद्योगों की भी अनदेखी कर रही है।

गुरु नानक जयंती और देव दीपावली की दी शुभकामनाएं

गुरु नानक देव जी की जयंती पर अजय राय ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज को एकता और भाईचारे का संदेश दिया तथा लोगों को मिल-जुलकर रहने और काम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने मेहनतकश सिख समाज के लोगों को विशेष रूप से बधाई देते हुए देश की रक्षा में उनके योगदान का उल्लेख किया।

इसके साथ ही उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की भी शुभकामनाएं दीं। राय ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में देव दीपावली का विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

ALSO READ THIS :  रायबरेली से पीडीए रथ यात्रा पर बोले अवधेश प्रसाद, कहा- कोई राजनीतिक गढ़ हमेशा किसी का नहीं होता
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें