Home » खेल-कूद » प्रियांश आर्य का ऐतिहासिक धमाका! 68 गेंदों में 181 रन ठोककर तोड़ा केएल राहुल का रिकॉर्ड, लगाए 19 छक्के

प्रियांश आर्य का ऐतिहासिक धमाका! 68 गेंदों में 181 रन ठोककर तोड़ा केएल राहुल का रिकॉर्ड, लगाए 19 छक्के

Facebook
Twitter
WhatsApp

इंदौर। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेलते हुए भारतीय बल्लेबाज के तौर पर टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने भारतीय दिग्गज केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 68 गेंदों में 181 रन बनाए। उनकी इस पारी में सात चौके और 19 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 266 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

इससे पहले किसी भारतीय बल्लेबाज का टी20 में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर केएल राहुल के नाम था। राहुल ने इसी साल अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 67 गेंदों में नाबाद 152 रन बनाए थे। यह आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज का पहला 150 रन का स्कोर भी था।

प्रियांश अब टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस हैं, जिन्होंने इस साल अक्टूबर में क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की प्रो20 कप प्रतियोगिता में टाइटंस की ओर से नाइट्स के खिलाफ 79 गेंदों में नाबाद 188 रन बनाए थे। उनकी पारी में 15 चौके और 13 छक्के शामिल थे।

प्रिटोरियस ने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 175 रन की नाबाद पारी खेली थी।

प्रियांश ने अपनी पारी में 19 छक्के लगाकर एक टी20 पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड की भी बराबरी की। न्यूजीलैंड के फिन एलन भी एक टी20 पारी में 19 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने पिछले साल जून में मेजर लीग क्रिकेट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की ओर से वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 51 गेंदों में 151 रन बनाए थे। उनकी पारी में पांच चौके और 19 छक्के शामिल थे।

ALSO READ THIS :  वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड का जबरदस्त संघर्ष, 120 ओवर बल्लेबाजी कर भारत से छीनी जीत; आखिरी दिन मिचेल-फिलिप्स बने दीवार

प्रियांश की यह पारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में भी सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने तिलक वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने नवंबर 2024 में हैदराबाद की ओर से मेघालय के खिलाफ 151 रन बनाए थे।

मुकाबले में तमिलनाडु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। प्रियांश की विस्फोटक पारी के दम पर दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 275 रन बनाए। टीम की ओर से दूसरा सर्वाधिक स्कोर अनुज रावत का रहा, जिन्होंने 22 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन बनाए।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में यह तीसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इससे पहले बड़ौदा ने 2024 में सिक्किम के खिलाफ पांच विकेट पर 349 रन और पंजाब ने 2025 में हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट पर 310 रन बनाए थे।

अगले आईपीएल सत्र में पंजाब किंग्स की ओर से खेलने वाले प्रियांश इस सत्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने छह पारियों में 60.33 की औसत और 204.51 के स्ट्राइक रेट से 362 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें