Home » उत्तराखंड » उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से मची तबाही, 33 घर जलकर राख; स्कूल-पंचायत भवन भी खाक, 58 परिवार बेघर

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से मची तबाही, 33 घर जलकर राख; स्कूल-पंचायत भवन भी खाक, 58 परिवार बेघर

Facebook
Twitter
WhatsApp

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड हो गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए। हादसे में एक स्कूल और पंचायत भवन भी पूरी तरह नष्ट हो गए। इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी व्यक्ति या पशु की जान जाने की सूचना नहीं है।

आग बुझाते समय ग्रामीण घायल

उत्तरकाशी जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र ने उपजिलाधिकारी पुरोला से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि अग्निकांड में एक स्थानीय व्यक्ति घायल हुआ है। घायल की पहचान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मौके पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, इसी दौरान गिरने से उन्हें चोट लग गई।

प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री और शेल्टर की व्यवस्था

जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन अधिकारी के निर्देशन में आपातकालीन परिचालन केंद्र संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है। प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की जा रही है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों की व्यवस्था के साथ ही प्रभावित लोगों के लिए शेल्टर भी बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड और कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर दुख जताया। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।

ALSO READ THIS :  उत्तराखंड सरकार में डॉ. आज़ाद खालिद को राज्यमंत्री की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह

मुख्यमंत्री के मुताबिक, एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री भी भेजी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार राहत दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है।

 

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें