मुज़फ्फ़रनगर। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल द्वारा आईएसआई से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किए जाने के बाद मुज़फ्फ़रनगर का नाम भी इस मामले में सामने आने से हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों में से दो की पहचान मुज़फ्फ़रनगर के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव निवासी दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान के रूप में हुई है। इस खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस और एलआईयू की टीम तत्काल गांव पहुंची और दोनों युवकों के परिवार तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार सलमान दिल्ली में रहकर फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश उर्फ चांद मियां सोलर पैनल लगाने का कार्य करता था। दोनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले दोनों गांव आए थे और फिर एक फोन आने के बाद वापस दिल्ली चले गए। इसके बाद अचानक उनके दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की सूचना परिवार को मिली।
दोनों परिवारों ने अपने बेटों को निर्दोष बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। दानिश की मां गुलिस्ता का कहना है कि उनके बेटे को किसी व्यक्ति ने फोन कर 30 हजार रुपये देने का लालच देते हुए एक सामान लाने के लिए बुलाया था। उनका दावा है कि दानिश को यह तक नहीं पता था कि वह कौन-सा सामान लेने जा रहा है और रास्ते में ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा बेहद सीधा-सादा है और केवल पांचवीं तक पढ़ा है।

वहीं सलमान की बहन दरक्षा ने बताया कि उनका भाई दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था और पैसे लेने के लिए गया था। उनके अनुसार गांव के ही दानिश का फोन आने के बाद वह खाना छोड़कर तुरंत निकल गया था। परिवार का कहना है कि सलमान 12वीं पास है और किसी भी आपराधिक गतिविधि से उसका कभी कोई संबंध नहीं रहा।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा जिस आतंकी नेटवर्क का खुलासा किया गया है, उसमें मुज़फ्फ़रनगर के दो युवकों के नाम सामने आए हैं। दोनों अन्ति गांव के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस, एलआईयू और अन्य एजेंसियां स्वतंत्र रूप से पूरे मामले की जांच कर रही हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने की बात सामने आई है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
SP सिटी अमृत जैन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



