Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ़्फ़रनगर: ‘लव जिहाद’ के शक में प्रेमी युगल को बाजार में सरेआम पीटा, पुलिस ने भीड़ से बचाकर कराया मेडिकल

मुज़फ़्फ़रनगर: ‘लव जिहाद’ के शक में प्रेमी युगल को बाजार में सरेआम पीटा, पुलिस ने भीड़ से बचाकर कराया मेडिकल

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार अपराह्न करीब ४ बजे ‘लव जिहाद’ के शक में जमकर बवाल हुआ। जिला परिषद मार्केट में एक प्रेमी युगल को घेरकर सरेआम पीटे जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि युवक के दूसरे समुदाय से होने के शक में कुछ लोगों ने पहले उनसे पूछताछ की और फिर पीछा करते हुए बाजार के बीचों-बीच दोनों पर हमला बोल दिया। युवक को बचाने आई युवती के साथ भी अभद्रता और हाथापाई की गई, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद शामली के थाना भवन क्षेत्र के रहने वाले एक युवक और युवती रविवार को घूमने के लिए मुज़फ़्फ़रनगर आए थे। दोनों झांसी की रानी चौक के पास स्थित एक प्रसिद्ध दुकान पर छोले-भटूरे खा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर युवती के हाथ पर बने “ॐ” के चिन्ह पर पड़ी, जिसे देखकर उन्हें युवक पर शक हो गया।

आरोप है कि संदेह होने पर कुछ लोगों ने युवक से उसका नाम पूछा, तो उसने अपनी पहचान ‘राहुल शर्मा’ के रूप में बताई। हालांकि, जब पूछताछ करने वालों ने उससे उसका गोत्र पूछा, तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। युवती ने इस पूछताछ का कड़ा विरोध किया और कहा कि वे दोनों बालिग हैं और उन्हें अपनी मर्जी से साथ घूमने का पूरा अधिकार है। इसके बाद दोनों वहां से निकल गए।

पीछा कर मार्केट में घेरा, जमकर बरसे लात-घूंसे

वहां से निकलने के बाद भी कुछ लोग शांत नहीं हुए और उन्होंने युगल का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही दोनों जिला परिषद मार्केट पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और युवक पर लात-घूंसों की बरसात कर दी गई। जब युवती अपने साथी को बचाने के लिए बीच में आई, तो हमलावरों ने उसके साथ भी हाथापाई की। इस पूरी घटना के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन ज्यादातर लोग तमाशबीन बने रहे।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर की 'बंधुआ फैक्ट्री’ कांड पर मानवाधिकार आयोग का बड़ा एक्शन: UP सरकार को नोटिस, मुख्य सचिव-DGP से दो हफ्ते में रिपोर्ट तलब

डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस, युवक की हुई पहचान

बाजार में हंगामा बढ़ता देख किसी जागरूक नागरिक ने डायल-११२ पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ के बीच से दोनों को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई, जहां बाद में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस की जांच और पूछताछ में युवक की वास्तविक पहचान मोहम्मद महताब (पुत्र अमीर अहमद, निवासी थाना भवन, शामली) के रूप में हुई है।

साक्ष्यों के आधार पर होगी कठोर कार्रवाई: एसपी सिटी

इस पूरे मामले पर मुज़फ़्फ़रनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि पुलिस को डायल-११२ के जरिए बाजार में मारपीट की सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों का मेडिकल करा लिया गया है और इस मामले में पीड़ित पक्ष से जो भी लिखित तहरीर प्राप्त होगी, उसके आधार पर और मौके के साक्ष्यों (CCTV आदि) की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें