Home » उत्तराखंड » रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: खाई में समाया डंपर, दो लोगों की मौत, रातभर चला बचाव अभियान

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: खाई में समाया डंपर, दो लोगों की मौत, रातभर चला बचाव अभियान

Facebook
Twitter
WhatsApp

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फाटा और बड़ासू के बीच तरसाली क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को गुरुवार देर रात सूचना मिली कि तरसाली के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत और बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पहाड़ी क्षेत्र होने और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

खाई में उतरकर टीमों ने चलाया अभियान

रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर डंपर में सवार लोगों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीमों ने संजय राणा उम्र करीब 45 वर्ष का शव बरामद किया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी खाई में चिन्हित किया गया। बचाव दलों ने कठिन परिस्थितियों के बीच शव को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं हादसा किस कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर डंपर के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।

हादसे के बाद क्षेत्र में छाया मातम

घटना के बाद तरसाली और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

ALSO READ THIS :  लखीमपुर में 13 साल के छात्र ने डीएम के सामने लगाई गुहार, बोला- ताऊ-ताई ने कमरे पर लगाया ताला; अफसरों ने तुरंत लिया संज्ञान

इससे पहले भी रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक युवक के खाई में गिरने की घटना सामने आई थी। गौरीकुंड से करीब दो किलोमीटर ऊपर छोड़ी क्षेत्र में युवक के खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य बचाव टीमों ने अभियान चलाया था।

कठिन परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। खाई में गिरने से युवक को चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की पहचान 25 वर्षीय मोहित रावत निवासी बड़ासू गांव के रूप में हुई थी।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें