Home » विविध इंडिया » जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ जैसी स्थिति: एसओजी टीम से हथियार छीनने की कोशिश में युवक की मौत, तीन जवान घायल

जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ जैसी स्थिति: एसओजी टीम से हथियार छीनने की कोशिश में युवक की मौत, तीन जवान घायल

Facebook
Twitter
WhatsApp

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जई घाटी में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब कथित तौर पर एक युवक ने स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) की टीम से हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई फायरिंग में युवक की मौत हो गई, जबकि तीन एसओजी जवान घायल हो गए। घटना के बाद एहतियात के तौर पर पूरे डोडा जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना भद्रवाह क्षेत्र के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में स्थित जई घाटी में हुई। पुलिस के मुताबिक, एसओजी टीम को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद जवानों ने निगरानी अभियान शुरू किया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसओजी की टीम भद्रवाह से करीब 35 किलोमीटर दूर जाई-गांडोह रोड पर घात लगाकर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 11.30 बजे टीम ने एक युवक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक ने जवानों पर हमला कर दिया और उनकी राइफल छीनने की कोशिश की।

हाथापाई के दौरान हुई फायरिंग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक और जवानों के बीच हाथापाई के दौरान स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान एसओजी के एक जवान ने फायरिंग कर दी, जिसमें युवक घायल हो गया। घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जीएमसी डोडा रेफर कर दिया गया। वहीं गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

ALSO READ THIS :  दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट: 29 मार्च को येलो अलर्ट, तेज बारिश-आंधी-तूफान की संभावना; AQI में सुधार

मृतक युवक की पहचान आरिफ हुसैन उम्र करीब 30 वर्ष निवासी भल्ला गांव, भद्रवाह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, इंटरनेट सेवा बंद

घटना के बाद डोडा जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलने से रोका जा सके।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों और आतंकी घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। हाल ही में राजौरी जिले में भी दो संदिग्ध व्यक्तियों के दिखाई देने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की थी।

फिलहाल जई घाटी की घटना को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।


[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें