Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में मानसून का कहर, 25 शहरों में बारिश; 75 जिलों में अलर्ट, नदियां उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

यूपी में मानसून का कहर, 25 शहरों में बारिश; 75 जिलों में अलर्ट, नदियां उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, चंदौली, जौनपुर, सीतापुर समेत करीब 25 शहरों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 31 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही वर्षा के चलते प्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ तथा कटान का खतरा बढ़ गया है।

सरयू, गंगा, शारदा और यमुना का बढ़ा जलस्तर

लगातार बारिश के कारण सरयू, गंगा, शारदा और यमुना नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बलिया में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है, जिससे करीब 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। बैरिया तहसील के गोपालनगर टाड़ी गांव में नदी के कटान से एक मकान कुछ ही सेकेंड में नदी में समा गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के तेज कटान से एक मकान नदी में बह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

कानपुर में गंगा नदी चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा बैराज बोट क्लब पर बोटिंग पर रोक लगा दी गई है। वहीं वाराणसी में दशाश्वमेध घाट की कई सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। प्रयागराज के संगम क्षेत्र में भी प्रशासन लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील कर रहा है। मथुरा-वृंदावन में यमुना का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।

ALSO READ THIS :  ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला: बोले- 'सपाई गुंडों' से डरने वाला नहीं, योगी सरकार को आता है इलाज करना

कई जिलों में जलभराव, किसानों को राहत भी

गोरखपुर में लगातार बारिश से सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव हो गया है। जिला अस्पताल की ओपीडी तक में पानी भर गया। वहीं सीतापुर, चंदौली, भदोही, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में किसानों ने बारिश को धान और अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया है।

अयोध्या में सुबह से रिमझिम बारिश जारी है और माहेश्वरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गोंडा में घाघरा नदी खतरे के निशान से महज 75 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जल संसाधन विभाग के अनुसार विभिन्न बैराजों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

आजमगढ़, जौनपुर और सिद्धार्थनगर में भी तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग की चेतावनी, सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें