Home » विविध इंडिया » मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने छह दोस्तों को कुचला, सेल्फी लेने के दौरान गई जान

मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने छह दोस्तों को कुचला, सेल्फी लेने के दौरान गई जान

Facebook
Twitter
WhatsApp

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह दोस्तों की मौत हो गई। जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर सड़क किनारे खड़े युवकों को तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

यह हादसा नरसिंहपुर-जबलपुर बॉर्डर के पास सुआतला थाना क्षेत्र में इंदिरा नगर के नजदीक हुआ। पुलिस के अनुसार, सभी युवक हाथीनाला वॉटरफॉल से घूमकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वे कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुके और सेल्फी लेने लगे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दो अन्य युवकों की भी मौत हो गई।

मृतकों की हुई पहचान, सभी जबलपुर के रहने वाले

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) के रूप में हुई है। सभी युवक जबलपुर जिले के पावला गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी चालक की तलाश तेज

एडिशनल एसपी संदीप भुरिया ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब युवक पिकनिक से लौटने के बाद सड़क किनारे खड़े थे। उन्होंने बताया कि हाइवा ट्रक ने युवकों के समूह को टक्कर मारी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

ALSO READ THIS :  इतिहास की किताब पर मुजफ्फरनगर में हंगामा: अकबर को 'महान' बताने का विरोध,अर्चित आर्य ने उठाई हटाने की मांग

उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवकों ने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी और तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पावला गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ छह युवाओं की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच कर फरार ट्रक चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें