Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » “मुज़फ्फरनगर में फिर ‘मिट्टी माफिया’ बेलगाम! वायरल VIDEO ने खोली अवैध खनन की पोल”

“मुज़फ्फरनगर में फिर ‘मिट्टी माफिया’ बेलगाम! वायरल VIDEO ने खोली अवैध खनन की पोल”

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फरनगर। जनपद में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार एक बार फिर चर्चा में है। जौली रोड और शहर से सटे सिल्लाजुड़ी क्षेत्र से सामने आए ताज़ा वीडियो ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 16 और 18 जुलाई के वीडियो में मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खुलेआम सड़कों पर दौड़ती दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन का यह कारोबार लंबे समय से जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

आपको बता दें कि जौली रोड पर दिन-रात मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बन चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद इनका संचालन बेखौफ जारी है।

आरोप है कि जौली रोड और सिल्लाजुड़ी क्षेत्र में बड़े स्तर पर धरती की खुदाई कर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इसके बाद बिना किसी रोक-टोक के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों में मिट्टी की सप्लाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को किसी कार्रवाई का भय नहीं है।

सोशल मीडिया पर सामने आए 16 और 18 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे के वीडियो एक बार फिर खनन विभाग और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि लगातार वीडियो सामने आने के बावजूद भी अवैध खनन जारी है तो कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

ALSO READ THIS :  भाकियू अराजनैतिक का प्रयागराज में राष्ट्रीय चिंतन शिविर, पश्चिम यूपी में हाईकोर्ट बेंच, कैंसर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल और एम्स की मांग

स्थानीय नागरिकों साजिद और मनोज आदि ने मांग की है कि जौली रोड और सिल्लाजुड़ी क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के संचालन पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में सड़क हादसों की आशंका को कम किया जा सके।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें