Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर का शुद्धिकरण अनुष्ठान आज होगा संपन्न, महंत दिनेंद्र दास बोले- श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई असर नहीं

राम मंदिर का शुद्धिकरण अनुष्ठान आज होगा संपन्न, महंत दिनेंद्र दास बोले- श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई असर नहीं

Facebook
Twitter
WhatsApp

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पिछले एक सप्ताह से चल रहा विशेष प्रायश्चित एवं शुद्धिकरण अनुष्ठान शुक्रवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन जारी है और पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।

मंदिर परिसर स्थित यज्ञ कुंड में सुबह 11 बजे पूर्णाहुति दी जाएगी। इस धार्मिक कार्यक्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज सहित कई संत-महात्मा और वैदिक आचार्य शामिल होंगे।

“श्रद्धालुओं के दर्शन में कोई कमी नहीं”

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मंदिर में दर्शन और पूजा-पाठ की सभी व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के दर्शन पर किसी प्रकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि पूर्णिमा के कारण शुक्रवार को मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

वैष्णव परंपरा के अनुसार हुआ अनुष्ठान

महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का पालन करना अत्यंत आवश्यक है और उसी परंपरा के अनुसार भगवान श्रीराम की शिव आराधना भी की गई।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अनुष्ठान में अयोध्या के अनेक साधु-संतों और वैदिक विद्वानों ने भाग लिया। उनका कहना था कि अब श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा और मंदिर की सभी व्यवस्थाएं पहले की तरह सुचारु रूप से चलती रहेंगी।

ALSO READ THIS :  सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल शिफ्ट करने की मांग, पत्नी ने दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल की याचिका

एक सप्ताह तक चला विशेष धार्मिक अनुष्ठान

राम मंदिर में यह विशेष प्रायश्चित एवं शुद्धिकरण अनुष्ठान मंदिर में चढ़ावे और दान राशि से जुड़ी कथित अनियमितताओं की घटना के बाद धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया गया था।

करीब एक सप्ताह तक चले इस अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन वाल्मीकि रामायण का पाठ किया गया तथा कम से कम 251 बार विष्णु सहस्रनाम का जाप कराया गया। इस पूरे धार्मिक कार्यक्रम में लगभग 70 वैदिक आचार्यों और अयोध्या के स्थानीय संतों ने भाग लिया।

शुक्रवार को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न होगा, जिसके बाद मंदिर में नियमित धार्मिक गतिविधियां पूर्ववत जारी रहेंगी।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें