सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार के पास वाराणसी से अयोध्या जा रही एक टूरिस्ट क्रूजर का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और क्रूजर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
चार यात्रियों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लंभुआ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
घायलों में पुदधूलाल (65), बलराम, कल्लू और बतीसिया की हालत गंभीर बताई गई। सभी मध्य प्रदेश के निवासी हैं। अन्य घायलों में जगराम, नुखिया बाई, लखन मसकोले, बाती झरिया, रजनी, सकुन, कुटुलाल, दिव्या झारिया तथा वाहन चालक साहिद शामिल हैं। शेष घायलों का इलाज सीएचसी लंभुआ में जारी है।
मध्य प्रदेश से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री
पुलिस के अनुसार टूरिस्ट क्रूजर वाराणसी से अयोध्या जा रही थी। वाहन में मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के श्रद्धालु सवार थे, जो भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से 12 घायल हुए।
प्रशासन ने अस्पताल पहुंचकर लिया घायलों का हाल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी, एसडीएम, सीओ ऋतिक कपूर, नायब तहसीलदार और लंभुआ कोतवाली प्रभारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना माना जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने बताया कि टूरिस्ट क्रूजर वाराणसी से अयोध्या जा रही थी, जिसमें मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के श्रद्धालु सवार थे। कुल 12 घायलों को सीएचसी लंभुआ लाया गया, जिनमें से पांच को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी भी यात्री की मृत्यु नहीं हुई है। सभी घायलों का उपचार जारी है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



