मुज़फ़्फ़रनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने मौलाना जर्सी द्वारा भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की गैर-जिम्मेदार बयानबाजी समाज का माहौल खराब करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समाज के जिम्मेदार लोगों को आगे आकर उचित जवाब देना चाहिए।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रामपुरी क्षेत्र की जलभराव समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि कुछ लोगों की बुद्धि खराब हो जाती है और वो अनावश्यक बयान देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति प्राचीन, अनादि और शाश्वत है, जो करोड़ों वर्षों से चली आ रही है। किसी भी धर्म या आस्था के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी समाज के हित में नहीं है और ऐसे बयानों से केवल विवाद पैदा होता है।
राज्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों को भी ऐसे बयानों का विरोध करना चाहिए। उनके अनुसार, समाज के भीतर से ही इस प्रकार की बयानबाजी पर रोक लगाने का प्रयास होना चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के कारण सामाजिक व्यवस्था प्रभावित होती है। सभी समुदायों के जिम्मेदार लोगों को मिलकर समाज में शांति, आपसी सम्मान और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए।
इससे पहले मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के साथ पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पीडब्ल्यूडी, जल निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ रामपुरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में नए और पुराने नक्शों के माध्यम से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का अध्ययन किया गया तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा हुई।



