मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से कुंडल लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज करीब 39 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जिस वारदात ने गुरुवार सुबह पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी, उसका अंत शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस मुठभेड़ के बाद हो गया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
दरअसल, 30 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे नई मंडी क्षेत्र के शांतिनगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के कानों से उसके घर के बाहर ही कुंडल झपट लिए थे। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 4 टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
CO नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे थाना नई मंडी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम रठेड़ी कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश राजकुमार बावरिया निवासी झिंझाना (जिला शामली) के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। उसका दूसरा साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
CO ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से महिला से लूटा गया पीली धातु का कुंडल, एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ लूट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने न सिर्फ चर्चित स्नैचिंग की घटना का खुलासा किया, बल्कि इलाके में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ भी सख्त संदेश दिया।



