मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा संपन्न होते ही पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गांव के जंगल में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दो आरोपी फरमान और जीशान उर्फ कल्लू निवासीगण इमरान कॉलोनी, थाना सिविल लाइन गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी मुजम्मिल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित गोमांस और अवैध असलहा बरामद करने का दावा किया है। फरार आरोपी की तलाश में जंगल में कांबिंग4टी की जा रही है।

यह कार्रवाई उस मुठभेड़ के करीब 12 घंटे के भीतर हुई है, जो देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। वहां पुलिस की कथित गोकशी के आरोपियों से मुठभेड़ में जावेद उर्फ लालू और रियासत गोली लगने से घायल हुए थे। वहीं आस मोहम्मद उर्फ पप्पू नसीर को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक सिविल लाइन क्षेत्र की मुठभेड़ के बाद फरार हुए आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान नई मंडी क्षेत्र में पुलिस की टीम का आरोपियों से फिर सामना हुआ और मुठभेड़ हो गई।
इस तरह करीब 12 घंटे में मुज़फ़्फ़रनगर में गोकशी के आरोपियों के खिलाफ दो पुलिस मुठभेड़ हो चुकी हैं। दोनों कार्रवाई में कुल चार आरोपी गोली लगने से घायल हुए हैं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।



