मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कच्ची सड़क स्थित मरियम हॉस्पिटल को बुधवार दोपहर करीब एक बजे सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल में बिना वैध मेडिकल डिग्री और पंजीकरण के एक व्यक्ति द्वारा मरीजों का इलाज किए जाने तथा बिना सर्जन के सर्जरी किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में 10 से अधिक मरीज भर्ती मिले, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मरियम हॉस्पिटल को लेकर सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद एक दिन पहले यानी मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर नोटिस जारी किया था। मिली शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अस्पताल में फर्जी डॉक्टर के जरिए मरीजों का इलाज किया जा रहा है। राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी ने भी इस मामले को प्रमुखता से उठाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने जांच के निर्देश दिए।

सीएमओ के निर्देश पर बुधवार दोपहर आयुष विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. इसमपाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को अस्पताल में पंजीकृत यूनानी चिकित्सक की गैर-मौजूदगी में राहुल कुमार नामक व्यक्ति मरीजों का इलाज करता मिला।
विभागीय जांच के मुताबिक पूछताछ के दौरान राहुल कुमार के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री या मेडिकल पंजीकरण नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह भी सामने आया कि दूसरे चिकित्सक के लाइसेंस का कथित रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में विभाग आगे की कार्रवाई के लिए रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की जांच कर रहा है।
जांच के दौरान अस्पताल में बिना सर्जन के सर्जरी किए जाने की बात भी सामने आई। अस्पताल के बाहर 200 रुपये परामर्श शुल्क और खतना से संबंधित पोस्टर लगे मिले। अस्पताल के संचालन को निजामुद्दीन चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़ा बताया गया है। अस्पताल के बाहर एक मेडिकल स्टोर भी संचालित मिला, जिसे स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया।
कार्रवाई के दौरान अस्पताल में 10 से अधिक मरीज भर्ती मिले। अस्पताल सील किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी भर्ती मरीजों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। छापेमारी की जानकारी मिलते ही अस्पताल के स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी मौके से चले गए।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को तत्काल सील करते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। मरियम हॉस्पिटल पर हुई कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की इस मुहिम से ऐसे संस्थानों में भी हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
