Home » विविध इंडिया » असम में बड़ा रेल हादसा टला! कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, चार घायल

असम में बड़ा रेल हादसा टला! कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, चार घायल

Facebook
Twitter
WhatsApp

गुवाहाटी। असम में गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से रेल विभाग में हड़कंप मच गया। हादसे में ट्रेन के इंजन समेत छह डिब्बे पटरी से उतर गए। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं, जबकि चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि राज्य सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। साथ ही उनकी आगे की यात्रा पूरी कराने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है।

सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा

भारतीय रेलवे के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13125) को असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और ट्रेन पटरी से उतर गई। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हादसे में इंजन और पांच कोच पटरी से उतरे। मुख्यमंत्री के बयान में इंजन समेत छह डिब्बों के पटरी से उतरने की जानकारी दी गई है।

राहत और बहाली का काम शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारी मौके पर बहाली के काम की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था भी की है।

ALSO READ THIS :  दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, दिन में बढ़ेगी गर्मी और रात में महसूस होगी हल्की ठंड; प्रदूषण में आंशिक सुधार

दो अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया है। वहीं, ट्रेन संख्या 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में रोकना पड़ा है।

रेलवे की टीमें घटनास्थल पर बहाली के कार्य में जुटी हैं। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाना प्राथमिकता बताई गई है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें