Home » उत्तर प्रदेश » बागपत में 25 हजार का इनामी गौकशी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बागपत में 25 हजार का इनामी गौकशी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Facebook
Twitter
WhatsApp

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में थाना दोघट पुलिस ने गौकशी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

गौकशी के मामले में था वांछित

पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई को थाना दोघट क्षेत्र के गांव फोलादनगर में प्रतिबंधित पशु कटान की सूचना पर छापेमारी की गई थी। मौके से पशुओं के अवशेष बरामद होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान फरार चल रहे एक आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना दोघट पुलिस ग्राम मिलाना के जंगल क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वह भागने लगा।

पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राशिद पुत्र इमरान, निवासी ग्राम फोलादनगर, थाना दोघट, बागपत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गौकशी के मामले में मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

ALSO READ THIS :  विरासत सनातन धर्म की पहचान, महापुरुषों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता : योगी 

एसपी बोले- बाकी आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि गौकशी के मामले में आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गुरुवार रात पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले के अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें