बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक जिंदा बैल बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित कुछ आरोपी गांव रामनगर में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।
तीनों आरोपी इनामी, कई मुकदमे दर्ज
पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान शब्बीर पुत्र सिद्दीक, निवासी थाना सिंघावली अहीर (बागपत), तथा महबूब पुत्र फारूक और नवाजिश पुत्र महबूब, दोनों निवासी थाना सरूरपुर (मेरठ) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। इनके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। दोघट थाने में भी इन आरोपियों के खिलाफ गोवध से संबंधित मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है।
हथियार और गोवध के उपकरण बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस तथा गोवध में इस्तेमाल होने वाले फावड़े सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मौके से एक जिंदा बैल को भी सकुशल मुक्त कराया गया।
फिलहाल तीनों आरोपियों का इलाज जारी है। थाना सिंघावली अहीर पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।



