बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के किशनपुर बराल गांव में शराब पार्टी के दौरान एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान होने के बाद देर रात मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
मृतक की पहचान विनय उर्फ गादड़ के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी का नाम रितिक बताया गया है।
शराब पार्टी के दौरान मारी गोली
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने बताया कि मंगलवार शाम विनय अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे रितिक ने तमंचे से विनय के सिर में सटाकर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने घायल विनय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौत पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले विनय और रितिक के बीच मारपीट हुई थी। शुरुआती जांच में इसी पुरानी रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
आरोपी की पहचान होने के बाद रमाला थाना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी। मंगलवार देर रात पुलिस ने सूप नहर के पास रितिक को घेर लिया।
पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।



