बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गौकशी की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मीरगंज थाना पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश लभारी गांव के जंगल में गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल आरोपियों समेत पांच गिरफ्तार
घायल आरोपियों की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी नन्हे उर्फ मतिया और आसिफ कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आसिफ कुरैशी वर्तमान में रामपुर के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में रह रहा था।
मौके से गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपियों की पहचान अशरफ, शेर सिंह और आसन शाह के रूप में हुई है। तीनों बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के मंकरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
13 नवंबर की घटना में शामिल होने की बात कबूली
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 13 नवंबर को लभारी गांव के जंगल में पशु काटने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस मामले में मीरगंज थाने में पहले से एफआईआर दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

