Home » धर्म-कर्म » भाई दूज पर बहनों के तिलक से दूर होगा भाइयों का भय! आज बन रहे दो शुभ योग, जानें पूजा विधि और यमराज-यमुना की पौराणिक कथा

भाई दूज पर बहनों के तिलक से दूर होगा भाइयों का भय! आज बन रहे दो शुभ योग, जानें पूजा विधि और यमराज-यमुना की पौराणिक कथा

Facebook
Twitter
WhatsApp

भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का पर्व आज 11 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस त्योहार को यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।

द्वितीया तिथि और शुभ योग

पंचांग के अनुसार, द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हुई और 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि की मान्यता के अनुसार भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा।

इस बार भाई दूज पर सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग का संयोग बन रहा है। ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा, उज्जैन के अनुसार, सर्वार्थ सिद्धि योग को कार्यों में सफलता दिलाने वाला और अमृत सिद्धि योग को शुभ फल प्रदान करने वाला माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का भी विशेष महत्व है।

यमराज और यमुना की कथा से जुड़ा है भाई दूज

पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा की दो संतानें थीं। पुत्र का नाम यमराज और पुत्री का नाम यमुना था। दोनों भाई-बहन के बीच गहरा प्रेम था। यमुना हमेशा चाहती थीं कि उनके भाई यमराज उनके घर आएं, लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनसे मिलने नहीं जा पाते थे।

ALSO READ THIS :  सावन सोमवार व्रत से क्यों मिलता है मनचाहा जीवनसाथी? जानिए माता पार्वती की तपस्या से जुड़ी पौराणिक कथा

मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को एक दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना बहुत प्रसन्न हुईं। उन्होंने यमराज का आदर-सत्कार किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया।

बहन के प्रेम और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वर मांगा कि यमराज हर साल इस दिन उनके घर आया करें और जो भाई इस दिन अपनी बहन के हाथों तिलक करवाए, उसे लंबी उम्र और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिले। यमराज ने बहन की यह इच्छा स्वीकार कर ली। तभी से इस दिन भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई।

भाई दूज पर ऐसे करें पूजा और तिलक

भाई दूज के दिन बहनें सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के मंदिर में भगवान गणेश और भगवान विष्णु का स्मरण करते हुए पूजा की तैयारी करें। पूजा की थाली में रोली, अक्षत, दीपक, धूपबत्ती, मिठाई, फल, नारियल और फूल रखें।

इसके बाद भाई को चौकी या आसन पर बैठाकर उसके माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं। भाई की आरती उतारें और उसकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुख-समृद्धि की कामना करें। इसके बाद भाई को मिठाई खिलाएं।

भाई भी बहन को देते हैं उपहार

भाई दूज पर भाई अपनी बहन को उपहार, वस्त्र या अपनी सामर्थ्य के अनुसार कोई भेंट देता है। इस अवसर पर दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ निभाने और रिश्ते को हमेशा मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेते हैं। कई परिवारों में भाई इस दिन बहन के घर जाकर भोजन भी करते हैं।

ALSO READ THIS :  2 नवंबर का पंचांग: दोपहर 12:06 बजे तक शुभ योग, जानें राहुकाल, अभिजीत मुहूर्त और दिशाशूल का समय

भाई दूज का पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान को मजबूत करने का संदेश देता है। यह त्योहार परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे के प्रति अपने स्नेह और जिम्मेदारियों का एहसास भी कराता है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें