मुजफ्फरनगर। “बसपा को कमजोर समझने वालों को चुनाव में जवाब मिलेगा, 2027 में एक बार फिर टीवी स्क्रीन नीली होगी।” बहुजन समाज पार्टी के कोषाध्यक्ष सुशील शर्मा ने शुक्रवार को मुज़फ़्फ़रनगर में यह दावा किया। पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर दोपहर करीब एक बजे आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और संगठन की मजबूती पर अपनी बात रखी।
महावीर चौक पर स्थित बसपा कार्यालय पर कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान सुशील शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने ‘कांशीराम अमर रहें’ के नारे लगाए और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सुशील शर्मा ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी कैडर आधारित पार्टी है। उनके मुताबिक, पार्टी दिखावे और बेवजह के शोर के बजाय जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि बसपा अपने कार्यकर्ताओं और कोर वोटर्स के बीच लगातार सक्रिय है और संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
सुशील शर्मा ने वर्ष 2007 में उत्तर प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मेहनत का असर चुनाव परिणामों में दिखाई देगा। इसी भरोसे के साथ उन्होंने दोहराया कि 2027 में एक बार फिर टीवी स्क्रीन नीली होगी।
कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए पार्टी के विचारों और संगठन को मजबूत करने की बात कही।

