Home » उत्तराखंड » चमोली में दर्दनाक हादसा,बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर,बैरिकेड तोड़ा,फिर बाइक सवार युवक को कुचला

चमोली में दर्दनाक हादसा,बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर,बैरिकेड तोड़ा,फिर बाइक सवार युवक को कुचला

Facebook
Twitter
WhatsApp

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ट्रक के नीचे फंसी मिली बाइक और युवक

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी, पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के निकट, गोपेश्वर के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार देर रात लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक अपनी बाइक समेत ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से ट्रक के नीचे से युवक को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बैरिकेड तोड़कर भागा था ट्रक चालक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए तेज गति से गोपेश्वर की ओर आ रहा था। रास्ते में पटियालधार पुलिस चौकी के पास पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर फरार हो गया।

इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर ट्रक ने सामने से आ रही मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ALSO READ THIS :  उत्तराखंड पुलिस की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक: नए आपराधिक कानून, साइबर अपराध और जन सुरक्षा पर जोर

आरोपी चालक गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश

हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस ट्रक को पहले ही रोकने में सफल हो जाती तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

भारी वाहनों पर सख्ती की उठी मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटनास्थल पर राजेंद्र नेगी, विनीत मेंठानी, दिनेश नेगी, जयदीप समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में कई ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, जिसके चलते दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें