लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने को कहा।
अवैध कब्जा करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने और निर्बल लोगों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जमीन-जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक है, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। वहीं, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो।
हर पीड़ित की समस्या का हो समाधान
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ की भावना से जनसेवा कर रही है। अधिकारियों को भी इसी भावना के अनुरूप काम करना चाहिए। प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिए गंभीरता से काम किया जाए। जो लोग किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने दोहराया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में निष्पक्षता बरती जानी चाहिए।
बच्चे को चॉकलेट देकर जीता दिल
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ आए एक बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान बच्चा मुस्कुराने लगा। इस पर सीएम योगी ने उसे चॉकलेट दी, जिसे बच्चे ने खुशी से ले लिया।
मुख्यमंत्री और बच्चे के बीच हुए इस आत्मीय संवाद को देखकर वहां मौजूद लोग भी प्रसन्न नजर आए।

