Home » उत्तर प्रदेश » ‘भाजपा राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, व्यापारी है’, ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ नारे पर कांग्रेस का तीखा हमला

‘भाजपा राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, व्यापारी है’, ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ नारे पर कांग्रेस का तीखा हमला

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नारे ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर भगवान राम और कृष्ण के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा उनकी पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा को भगवान राम और कृष्ण को बेचने नहीं देगी।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अब स्पष्ट हो गया है कि भाजपा भगवान की भक्त नहीं है। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी राम-कृष्ण की पुजारी नहीं, बल्कि व्यापारी है। उन्होंने ‘राधे राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया है, लेकिन उनकी पूजा-अर्चना स्वीकार नहीं होगी। इस नारे से भाजपा का चाल-चरित्र और चेहरा सामने आ गया है। जनता इन्हें भगवान राम और कृष्ण को बेचने नहीं देगी।”

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले- मिलकर लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ कांग्रेस के गठबंधन को लेकर प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोनों दलों के बीच मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला हो चुका है। अब सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर बातचीत होनी बाकी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। अब यह तय होना है कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ेगा, कौन किसकी मदद करेगा और किस तरह दोनों दलों को अधिक फायदा हो सकता है। तिवारी के मुताबिक, दोनों दलों का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतना और उत्तर प्रदेश को भाजपा से मुक्त करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राज्य को बर्बाद और तबाह कर दिया है।

ALSO READ THIS :  लखनऊ में भैंसों की नीलामी के दौरान प्रदर्शन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, सपा कार्यकर्ता अनिस राज समेत 61 लोगों पर FIR

आराधना मिश्रा बोलीं- सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा गठबंधन

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच लगातार सकारात्मक बातचीत हो रही है और वरिष्ठ नेता बैठकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

आराधना मिश्रा ने कहा, “दोनों दलों के बीच सकारात्मक चर्चाएं चल रही हैं। वरिष्ठ नेता बैठकर बातचीत कर रहे हैं। दिन प्रतिदिन हमारा गठबंधन मजबूत हो रहा है। जल्द ही सभी विषयों पर निर्णय हो जाएगा। हम 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएंगे।”

बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी की मांग करने वाले युवाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि महंगाई को लेकर चिंता जताने वाली महिलाओं को भी राहत नहीं मिल रही है।

उन्होंने कहा, “आज जब युवा नौकरियों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो उन पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। जब महिलाएं महंगाई को लेकर अपनी चिंताएं उठाती हैं, तो गैस और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा दिए जाते हैं।”

आराधना मिश्रा ने कहा कि सच्चाई सामने रखना विपक्ष की नैतिक जिम्मेदारी है। विपक्ष का काम सरकार को जनता की समस्याओं से अवगत कराना और यह बताना है कि लोग क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपना फैसला सुना देगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें