Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » दधेडू खुर्द में नया कोटा आवंटित, फिर भी नहीं बंटा राशन: ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, SDM ने सप्लाई इंस्पेक्टर को दिए निर्देश

दधेडू खुर्द में नया कोटा आवंटित, फिर भी नहीं बंटा राशन: ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, SDM ने सप्लाई इंस्पेक्टर को दिए निर्देश

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव दधेडू खुर्द में सरकारी राशन का वितरण नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार अपराह्न करीब 4 बजे ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि नया राशन कोटा आवंटित होने के बावजूद अक्टूबर माह का राशन उन्हें नहीं मिल पा रहा है। राशन वितरण में देरी को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और नए राशन डीलर के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए राशन दिलाए जाने की मांग की।

बताया गया कि करीब एक साल पहले दधेडू खुर्द की तत्कालीन राशन डीलर ममता का कोटा विभिन्न शिकायतों और अनियमितताओं के चलते निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद दधेडू खुर्द की राशन की दुकान और कोटा दधेडू कलां की राशन डीलर खतीजन से संबद्ध कर दिया गया था। तब से दधेडू खुर्द के राशन का वितरण इसी संबद्ध व्यवस्था के तहत किया जा रहा था।

हाल ही में दधेडू खुर्द में राशन की नई दुकान का आवंटन गुलिस्ता पत्नी नौमान के नाम किया गया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि नया कोटा मिलने के बाद राशन वितरण की व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। बताया गया कि 18 अक्टूबर को नए आवंटन का आदेश मिलने के बाद गुलिस्ता ने राशन की दुकान संभालने की तैयारी शुरू कर दी।
नए राशन डीलर का आरोप है कि दधेडू खुर्द का कोटा जिस राशन डीलर खतीजन से संबद्ध था, उनके द्वारा अभी तक राशन वितरण से संबंधित माप-तौल के उपकरण, फिंगर प्रिंट लेने वाली मशीन और अन्य आवश्यक सामान सुपुर्द नहीं किया गया है। इसके अलावा अक्टूबर माह के लिए उठाए गए राशन की सुपुर्दगी को लेकर भी विवाद बना हुआ है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में पहुंचने से पहले ही सरकारी दवाई और इंजेक्शन चोरी, FIR दर्ज

नए राशन डीलर का कहना है कि जब तक पूर्व संबद्ध राशन डीलर से दुकान का आवश्यक सामान और रिकॉर्ड सहित राशन की सुपुर्दगी नहीं मिलती, तब तक वह राशन वितरण कैसे शुरू करें। उनका कहना है कि मशीन और माप-तौल के उपकरण समेत जरूरी सामान के बिना सरकारी राशन का वितरण करना संभव नहीं है।

इधर राशन नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और नए राशन डीलर के समक्ष पहुंचकर राशन दिलाए जाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि राशन वितरण की व्यवस्था को जल्द से जल्द स्पष्ट कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को उनके हिस्से का सरकारी राशन मिल सके।

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाई गई। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव ने सप्लाई इंस्पेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब विभागीय स्तर पर यह देखने की बात है कि राशन की दुकान का सामान, मशीन और उठाए गए राशन की सुपुर्दगी की स्थिति क्या है और ग्रामीणों को राशन वितरण कब तक शुरू कराया जाता है।

नए राशन डीलर के यहां मौजूद ग्राम प्रधान के साथ गांव के कई मुवज्जिज लोग और समाजसेवी आलमगीर भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रधान और समाजसेवियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर पात्र परिवारों को राशन दिलाने की अपील की।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें