Home » गुनाह » दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई का भंडाफोड़, कार से 1,050 क्वार्टर बरामद; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई का भंडाफोड़, कार से 1,050 क्वार्टर बरामद; आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके में अवैध शराब की सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार में रखे 21 कार्टन बरामद किए, जिनमें कुल 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बताई गई है। शुरुआती पूछताछ में शराब की खेप हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्वाल पहाड़ी इलाके से दिल्ली लाए जाने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने आलू मोड़ पर बिछाया जाल

पुलिस के मुताबिक भाटी माइंस पुलिस चौकी की टीम को इलाके में अवैध शराब की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मैदानगढ़ी की टीम ने भाटी माइंस की संजय कॉलोनी स्थित आलू मोड़ के पास निगरानी शुरू की और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी।

कार्रवाई में एसआई विनोद भाटी, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल लाल सिंह और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह, एसएचओ थाना मैदानगढ़ी के नेतृत्व में तथा एसीपी महरौली योगिता शर्मा की निगरानी में की गई।

पुलिस को देखकर चालक ने तेज की कार, टीम ने दबोचा

पुलिस के अनुसार कुछ देर बाद एक स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से निकलने की कोशिश की। पहले से सतर्क पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अजय निवासी संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर 21 कार्टन मिले। कार्टन खोलने पर इनमें कुल 1,050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद होने का दावा किया गया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर कचहरी में दो पक्षों की जमकर मारपीट! मियां-बीवी के विवाद में 8 घायल, 'महाभारत' का Live Video वायरल

ग्वाल पहाड़ी से शराब लाने का दावा

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अजय ने कथित तौर पर बताया कि वह शराब की यह खेप हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्वाल पहाड़ी इलाके से लेकर आया था। उसे यह शराब संजय कॉलोनी और राजपुर खुर्द इलाके में ‘सांसी’ नाम के एक व्यक्ति तक पहुंचानी थी।

पुलिस अब इस बयान के आधार पर शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच अधिकारियों का फोकस उस व्यक्ति तक पहुंचने पर भी है, जिसे शराब की खेप पहुंचाई जानी थी।

शराब तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त

पुलिस ने शराब की कथित सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया है। जांच में सामने आया कि वाहन गुरुग्राम निवासी प्रशांत उर्फ विक्रम के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन का इस्तेमाल आरोपी तक कैसे पहुंचा और वाहन मालिक की इस मामले में कोई भूमिका है या नहीं।

पुराने मामले में भी आरोपी का नाम

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अजय पहले भी थाना कालकाजी में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले से किसी अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ था या नहीं।

सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

इस मामले में थाना मैदानगढ़ी में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस शराब के वास्तविक स्रोत, सप्लाई करने वाले लोगों और संभावित खरीदार तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही वाहन मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ALSO READ THIS :  दिल्ली में चाकूबाजी का खुलासा, 14 घंटे में हत्या की कोशिश के चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें