नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों के मुकाबले तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ सकता है।
24 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 23 नवंबर के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन कुल मिलाकर तापमान में गिरावट का रुख है। 18 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 19 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है।
20 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 13 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं, 22 और 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिन में धूप निकलने के बावजूद तापमान में कमी के कारण हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
सुबह छा सकता है मध्यम कोहरा
आईएमडी के पूर्वानुमान में 18 से 23 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जबकि दोपहर में यह 65 से 75 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं और अधिक नमी के कारण सुबह दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
हवाओं से प्रदूषण के स्तर में सुधार
बढ़ती ठंड के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि तेज हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। हवा की गति बढ़ने से वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों का फैलाव हुआ है, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में गिरावट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहां वायु गुणवत्ता गंभीर और बहुत खराब श्रेणी में थी, वहीं अब इसमें सुधार होकर कुछ क्षेत्रों में मध्यम और खराब श्रेणी तक पहुंच गई है। इससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वहीं, कोहरे के दौरान वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और जरूरत के अनुसार फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

