नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने उस्मानपुर यमुना खादर इलाके में देर रात हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान वसीम और कैफ के रूप में की है।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
दिल्ली पुलिस के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्पेशल स्टाफ को दोनों आरोपियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के उस्मानपुर यमुना खादर में घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को दोनों संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोलीबारी में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके से हिरासत में ले लिया गया। बाद में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
व्यापारी से रंगदारी मांगने और हवाई फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, वसीम और कैफ पर 2 अक्टूबर को भजनपुरा इलाके में एक व्यापारी से रंगदारी मांगने का आरोप है। आरोप है कि रंगदारी मांगने के दौरान दोनों ने हवाई फायरिंग भी की थी। घटना के बाद भजनपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया था और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और रसीद केवल गैंग से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे गिरोह के साथ किस तरह जुड़े थे और रंगदारी की वारदात में उनकी क्या भूमिका थी। मुठभेड़ और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच ने भी टक्कर गिरोह के सदस्य को पकड़ा
इसी बीच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने हत्या के प्रयास के एक मामले में टक्कर गिरोह के एक कथित सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से घोषित अपराधी था। उसकी पहचान डाबरी निवासी 30 वर्षीय गुलाम ख्वाजा उर्फ आले के रूप में हुई है।
पूछताछ में पुलिस का दावा है कि ख्वाजा ने टक्कर गिरोह से अपने संबंधों और दिल्ली के द्वारका, डाबरी, उत्तम नगर समेत हरियाणा से सटे इलाकों में गिरोह की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी है। क्राइम ब्रांच मामले में आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
