नई दिल्ली। दीपावली के त्योहार से पहले दिल्ली पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहदरा इलाके में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर 311.97 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय हर्षित मित्तल निवासी बलबीर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली थी कि हर्षित मित्तल बलबीर नगर में शिव मंदिर के पास स्थित अपने घर से अवैध पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि उसे अवैध पटाखों के साथ पकड़ा जा सकता है। इसके बाद यह जानकारी एएनटीएफ/शाहदरा के प्रभारी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह को दी गई। उन्होंने मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
विशेष टीम ने छापेमारी कर बरामद किए पटाखे
पुलिस ने गोपनीय सूचना की पुष्टि करने के बाद विशेष छापेमारी टीम गठित की। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह ने किया। पुलिस टीम ने बलबीर नगर स्थित शिव मंदिर के पास आरोपी के घर पर छापा मारा और हर्षित मित्तल को पकड़ लिया।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर की तलाशी लेने पर वहां से 311.97 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में शाहदरा थाने में एफआईआर दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 और 125 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध पटाखों की खरीद और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रेस्तरां में करता था काम, जल्दी पैसा कमाने के लिए शुरू की बिक्री
पुलिस के अनुसार, आरोपी हर्षित मित्तल पहले एक रेस्तरां में काम करता था और दिहाड़ी मजदूरी करके अपनी आजीविका चलाता था। आर्थिक तंगी के चलते उसने जल्दी पैसा कमाने के इरादे से अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम शुरू किया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

