नई दिल्ली। दिल्ली में रेलवे स्टेशनों और आईएसबीटी के बाहर यात्रियों को शेयर्ड टैक्सी में बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पूर्वी जिले की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार, लूटा गया मोबाइल फोन और 3,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से लूट के चार मामलों का खुलासा हुआ है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक अन्य वारदातों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
आनंद विहार आईएसबीटी के बाहर यात्री को बनाया था निशाना
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को एक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह आनंद विहार आईएसबीटी के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक टैक्सी चालक ने उसे शेयर्ड टैक्सी से कापसहेड़ा बॉर्डर तक छोड़ने का प्रस्ताव दिया। यात्री ने चालक की बात पर भरोसा कर गाड़ी में सवारी कर ली। कुछ दूरी आगे जाने के बाद चालक और उसके दो साथियों ने यात्री को डराकर नकदी और कीमती सामान लूट लिया।
आरोपियों ने पीड़ित से जबरन उसके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 7,000 रुपये भी ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ के नेतृत्व और एसीपी मधु विहार की निगरानी में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस को 5 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपी अपनी टैक्सी के साथ खोड़ा कॉलोनी आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर रात करीब 11:45 बजे वीर सिंह, किशनपाल और विजय उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चौथे आरोपी विकास उर्फ कालिया को भी दबोच लिया गया।
चारों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर सिंह (35), किशनपाल (37), विजय उर्फ मोनू (40) और विकास उर्फ कालिया (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इनमें विजय पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
साझा सवारी का झांसा देकर करते थे लूटपाट
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के बाहर यात्रियों को साझा सवारी का लालच देकर अपनी कार में बैठाते थे। कुछ दूरी तय करने के बाद वे यात्रियों को डराकर उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। कई मामलों में आरोपियों ने पीड़ितों से जबरन यूपीआई के माध्यम से बैंक खातों से रकम भी ट्रांसफर कराई।
पुलिस के मुताबिक, लूट के बाद यूपीआई के जरिए हासिल की गई रकम को पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशनों के माध्यम से नकदी में बदलने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
