Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में भीषण अग्निकांड: कुमार पैकर्स फैक्ट्री की पहली मंजिल आग की चपेट में, 6 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में भीषण अग्निकांड: कुमार पैकर्स फैक्ट्री की पहली मंजिल आग की चपेट में, 6 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

Facebook
Twitter
WhatsApp

गाजियाबाद। लोनी के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार तड़के एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सेक्टर बी-3 स्थित प्लॉट नंबर डी-4 पर संचालित कुमार पैकर्स फैक्ट्री की पहली मंजिल आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से भी दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल छह फायर टेंडरों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।

फायर विभाग के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:24 बजे लोनी फायर स्टेशन (ट्रॉनिका सिटी) को कुमार पैकर्स फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लोनी फायर स्टेशन से उपलब्ध तीनों दमकल गाड़ियां फायर सर्विस यूनिट के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। फैक्ट्री फायर स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित थी।

पहली मंजिल पर तेजी से फैली आग

मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि फैक्ट्री के साढ़े तीन मंजिला भवन की पहली मंजिल पर आग फैल चुकी थी। फैक्ट्री के कुछ कर्मचारी पहले से मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान तेज किया।

ALSO READ THIS :  बागपत में बाल श्रम के खिलाफ बड़ा अभियान, छह किशोर श्रमिक कराए गए मुक्त, दुकानदारों को दी सख्त हिदायत

दो तरफ से पानी की बौछार कर आग पर पाया काबू

दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने के लिए विशेष रणनीति अपनाई। एक तरफ हौज पाइप की लाइन सीढ़ियों के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंचाई गई, जबकि दूसरी तरफ बगल की फैक्ट्री की छत से पाइप लाइन फैलाकर आग पर पानी की बौछार की गई। इस दौरान आग को भवन की अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, कमिश्नरेट गाजियाबाद को भी जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर वैशाली, साहिबाबाद और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक-एक अतिरिक्त दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। इस तरह कुल छह फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

सामान हटाकर सुलगती आग को भी किया शांत

दमकल कर्मियों की लगातार मेहनत के बाद सुबह करीब 7:30 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। इसके बाद फैक्ट्री में रखे सामान को हटाकर उसकी जांच और उलट-पलट की गई, ताकि उसके नीचे कोई चिंगारी या आग सुलगती न रह जाए। धुएं को भी पूरी तरह शांत किया गया। दमकल विभाग ने दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

भूतल पर गत्ते और पहली मंजिल पर बनते थे कार परफ्यूम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुमार पैकर्स फैक्ट्री के भूतल पर गत्ते बनाने का काम होता था, जबकि पहली मंजिल पर कार परफ्यूम सहित अन्य उत्पादों का निर्माण किया जाता था। आग से पहली मंजिल पर रखा सामान और वहां संचालित निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

ALSO READ THIS :  राज्यसभा चुनाव का बिगुल: यूपी की 10, उत्तराखंड की 1 सीट पर 16 अक्टूबर को वोटिंग, बंगाल में एक सीट पर उपचुनाव

पूरे अग्निशमन और बचाव अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने दमकल विभाग के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभाली। अग्निकांड में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें