ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, चोरी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त कार, एक देशी तमंचा, कारतूस और अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई को एक व्यक्ति ने दादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कार सवार बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घोड़ी बछेड़ा गांव से रामगढ़ अंडरपास की ओर जाने वाले कट के पास कच्चे रास्ते पर संदिग्धों की घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, उन्होंने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करन नागर पुत्र देवेंद्र निवासी ग्राम रोजा जलालपुर, थाना बिसरख (वर्तमान पता ओमीक्रोन-2, दादरी) के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
चोरी के आभूषण और स्नैचिंग का मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने करन नागर के साथी मुकुल पुत्र अशोक निवासी ग्राम राजतपुर, थाना बादलपुर (वर्तमान पता ओमीक्रोन-2, दादरी) को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल स्नैचिंग में छीना गया मोबाइल फोन, सेक्टर ज्यू-वन स्थित एक मकान में चोरी किए गए दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया तथा घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, हापुड़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, अपहरण समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपी करन नागर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



