Home » गुनाह » जमीन के विवाद में भाई बना भाई का कातिल! ग्रेटर नोएडा में छोटे भाई ने फावड़े से बड़े भाई की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

जमीन के विवाद में भाई बना भाई का कातिल! ग्रेटर नोएडा में छोटे भाई ने फावड़े से बड़े भाई की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

ग्रेटर नोएडा। जेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नीमका में जमीन को लेकर चल रहे विवाद और आपसी मनमुटाव ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने अपने सगे बड़े भाई पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में कार्रवाई करते हुए जेवर थाना पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को चौरोली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद किया है।

रात में बड़े भाई पर किया हमला

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय भोले शंकर के रूप में हुई है। घटना को लेकर पांच अक्टूबर को मृतक के परिजनों ने थाना जेवर में शिकायत दी थी। शिकायत में ग्राम नीमका निवासी देवेंद्र उर्फ देवू पर भोले शंकर की हत्या करने का आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी दोनों सगे भाई थे। दोनों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद और मनमुटाव चल रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते आरोपी ने रात के समय अपने बड़े भाई भोले शंकर पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण भोले शंकर की मौत हो गई।

घटना के बाद फरार हो गया था आरोपी

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।

ALSO READ THIS :  हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड: 2 साल पुरानी रंजिश, गाने के विवाद से लेकर कार में GPS लगाने तक की पूरी इनसाइड स्टोरी,कनाडा से धमकी मिली

इसी दौरान पुलिस को देवेंद्र उर्फ देवू के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे चौरोली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

निशानदेही पर फावड़ा बरामद

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपने बड़े भाई की हत्या करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब बरामद हथियार को जांच का हिस्सा बनाते हुए मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे जमीन विवाद के अलावा किसी अन्य कारण की भूमिका है या नहीं, इसे लेकर भी जांच जारी है।

आरोपी का पहले से दर्ज है मुकदमा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र उर्फ देवू पुत्र उदय सिंह के रूप में हुई है। वह ग्राम नीमका, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी जेवर थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2022 का एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हत्या की वारदात के बाद गांव में भी तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें