Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » बाबा के पीछे ‘प्रहरी’ बने बजरंगबली! शिव चौक पर पहुंची विशाल झांकी कांवड़: नोएडा के हबीबपुर से 14 शिवभक्तों की टोली हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर निकली

बाबा के पीछे ‘प्रहरी’ बने बजरंगबली! शिव चौक पर पहुंची विशाल झांकी कांवड़: नोएडा के हबीबपुर से 14 शिवभक्तों की टोली हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर निकली

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। सावन की पावन कांवड़ यात्रा में इस बार एक से बढ़कर एक अनोखी कांवड़ें लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। रविवार रात करीब 10 बजे जनपद की हृदयस्थली शिव चौक पर उस समय श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जब नोएडा के हबीबपुर गांव से आई एक विशाल झांकी कांवड़ यहां पहुंची। रंग-बिरंगी रोशनी से सजी इस भव्य कांवड़ ने हर किसी को रुककर देखने पर मजबूर कर दिया।

इस अनोखी झांकी कांवड़ की सबसे बड़ी खासियत इसका भव्य स्वरूप है। पूरी झांकी को एक ट्रॉली पर तैयार किया गया है, जिसे 14 शिवभक्तों की टोली मिलकर खींचते हुए अपने गंतव्य तक ले जा रही है। झांकी के केंद्र में भगवान भोलेनाथ की विशाल काले रंग की प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि ठीक पीछे उससे भी ऊंचे स्वरूप में बजरंगबली हनुमान की प्रतिमा स्थापित की गई है। यह दृश्य ऐसा प्रतीत होता है मानो स्वयं हनुमान जी भगवान शिव की दिव्य झांकी की रक्षा कर रहे हों।

हबीबपुर गांव निवासी शिवभक्त कृष्ण ने बताया कि उनकी टोली हरिद्वार की हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रही है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में कुल 14 सदस्य हैं और सभी पूरी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ यात्रा कर रहे हैं।

जब उनसे इस विशाल झांकी पर आए खर्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यह हमारे लिए अनमोल है। कितना खर्च हुआ, इसका कभी हिसाब नहीं रखा। यह पूरी कांवड़ बाबा भोलेनाथ को समर्पित है।”

उन्होंने बताया कि उनकी टोली प्रतिदिन लगभग 20 से 25 किलोमीटर पैदल यात्रा करती है। रास्ते में जहां भी लोग इस झांकी को देखते हैं, वहीं रुककर दर्शन करते हैं और फोटो-वीडियो बनाते हैं। मुज़फ़्फ़रनगर के शिव चौक पर भी इस अनोखी झांकी को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और राहगीर उमड़ पड़े।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में SIR का महाअभियान 78.73% पूरा! DM उमेश मिश्रा बोले, ‘एक भी पात्र मतदाता न छूटे’, मीडिया-पार्टियों से अपील!

कांवड़ यात्रा में लगातार बढ़ती ऐसी रचनात्मक और भव्य प्रस्तुतियां यह संदेश भी दे रही हैं कि शिवभक्त अपनी आस्था को नए-नए स्वरूपों में अभिव्यक्त कर रहे हैं। यही वजह है कि इस बार मुज़फ़्फ़रनगर से गुजर रही कांवड़ यात्रा देशभर में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें