Home » उत्तराखंड » हरिद्वार के भगवानपुर में गो तस्करी के आरोपी से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद छोटू गिरफ्तार

हरिद्वार के भगवानपुर में गो तस्करी के आरोपी से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद छोटू गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात गो तस्करी के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी छोटू के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस फरार आरोपी के साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात भगवानपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। बताया गया कि आरोपी छोटू अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की गोकशी की वारदात को अंजाम देने की योजना थी।

इसी दौरान पुलिस टीम का सामना आरोपित से हो गया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख आरोपित ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपित के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद (36) निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और गो तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फरार साथी कालू की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपित पूर्व में किन घटनाओं में संलिप्त रहा है।

ALSO READ THIS :  उत्तराखण्ड के आईपीएस अधिकारी को संयुक्त राष्ट्र की प्रतिष्ठित भूमिका में चयन: वैश्विक मंच पर भारत की गौरवशाली उपस्थिति

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में गो तस्करी के आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपित का उपचार कराया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार साथी कालू की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें